त्योहारों से पहले मोगा में खाद्य पदार्थों की चेकिंग तेज, मिठाई-घी और दूध के सैंपल भरे
मोगा: त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए मोगा में फूड सेफ्टी टीम ने चेकिंग और सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया के दिशा-निर्देशों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. संदीप सिंह की अगुआई में टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मिठाई, घी और दूध के सैंपल लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी टीम ने एक मिठाई के आउटलेट की जांच के दौरान रवा बर्फी और रसगुल्ले के सैंपल लिए। इसके अलावा एक अन्य आउटलेट से हरियाणा मार्का घी का सैंपल भरा गया। अधिकारियों के अनुसार इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच प्रयोगशाला में करवाई जाएगी। रिपोर्ट में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बाघा पुराना में डेयरी की भी जांच
अभियान के तहत फूड सेफ्टी टीम ने बाघा पुराना में एक डेयरी की जांच की। यहां उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाए जा रहे दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए गाय के दूध का सैंपल लिया गया। इसे भी सरकारी प्रयोगशाला भेज दिया गया है। टीम ने डेयरी संचालक को दूध की गुणवत्ता के साथ-साथ सफाई, भंडारण और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
पनीर उत्पादकों को मिलावट न करने की हिदायत
फूड सेफ्टी टीम ने डेयरी संचालकों और विशेष रूप से पनीर तैयार करने वाले उत्पादकों के साथ बैठक भी की। बैठक में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी गई। डेयरी संचालकों को एनालॉग पनीर यानी नकली या मिलावटी पनीर के संबंध में सरकार की ओर से जारी हिदायतों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करते हुए किसी भी प्रकार की मिलावटी या गैर-मानक खाद्य सामग्री तैयार या बिक्री नहीं की जानी चाहिए। कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में केवल मानक और कानूनी रूप से अनुमोदित सामग्री का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई।
सफाई और स्टोरेज पर भी नजर
त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने के मद्देनजर टीम ने कारोबारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की सही स्टोरेज, तापमान नियंत्रण और कच्चे व तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम और उसके तहत बनाए गए नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
फूड सेफ्टी टीम ने चेतावनी दी कि मिलावट या गैर-मानक खाद्य पदार्थ बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी अपील की कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संदीप सिंह ने कहा कि त्योहारों के सीजन में लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।