डिप्टी कमिश्नर ने युवाओं को बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की

📍 स्थान / Location: जालंधर डीसी ऑफिस 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 27, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधर में 7 सितंबर से शुरू होंगी ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं

जालंधर जिले में ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया-2026’ के तहत ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 7 से 12 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने और प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करवाई जा रही इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इसके बाद जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 20 से 30 सितंबर तक आयोजित होंगी। जिला स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, टेनिस, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो और रेसलिंग सहित कुल 28 खेलों में मुकाबले होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक खिलाड़ी विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके अलावा प्रतियोगिताओं के दौरान मौके पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
डिप्टी कमिश्नर ने युवाओं से इन खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशों से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खेल संस्थानों और कोचों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण करवाने का आह्वान किया, ताकि जालंधर के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर जिले और पंजाब का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस और जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह भी मौजूद रहे।

Scroll to Top