जालंधर बंद के समर्थन में उतरी भाजपा, हिक्की ने CBI जांच की उठाई मांग
बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर गरमाया माहौल, बाजार बंद, चौकों पर पुलिस तैनात
लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से गुरुवार को जालंधर बंद की कॉल दी गई। भाजपा ने भी बंद का समर्थन किया। भाजपा जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेअदबी और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों के साथ धक्का किया जा रहा है।
हिक्की ने कहा कि ऐसे मामलों में केवल जीरो एफआईआर दर्ज करने से इंसाफ नहीं मिलेगा। उन्होंने घटना की सीबीआई जांच करवाने की मांग करते हुए सरकारी कैमरों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि सरकार लोगों का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है और आने वाले चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।
वहीं, विभिन्न जत्थेबंदियों और नगर निगम की यूनियनों ने शहर में रोष मार्च निकाला। बंटू सभ्रवाल ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ हुई घटना से दलित समाज में भारी रोष है। संगठनों ने स्पष्ट किया कि वे किसी को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
बंद के चलते सुबह से कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं। प्रमुख चौकों पर पुलिस बल तैनात रहा। अस्पताल और मेडिकल स्टोर जैसी जरूरी सेवाओं को छूट दी गई। परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज बंद नहीं किए गए, हालांकि कुछ स्कूलों ने एहतियातन छुट्टी कर दी। संगठनों ने शाम 5 बजे तक बंद रखने का ऐलान किया और हाईवे जाम नहीं किया।