जालंधर ईस्ट में पूरनपुर स्कूल ने जीती अंडर-14 खो-खो प्रतियोगिता, रुड़का कलां में फुटबॉल-वॉलीबॉल के मुकाबले
पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनमें खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल ‘खेड़ा वतन पंजाब दीया-2026’ के तहत गुरुवार को जिले के पांच ब्लॉकों भोगपुर, आदमपुर, जालंधर ईस्ट, रुड़का कलां और फिल्लौर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन मुकाबलों में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फिल्लौर ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में आप नेता हरजोत कौर लोहठिया विशेष मेहमान के तौर पर शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा ने बताया कि जालंधर ईस्ट ब्लॉक में अंडर-14 लड़कों की खो-खो प्रतियोगिता में गवर्नमेंट हाई स्कूल पूरनपुर ने पहला और ज्योति पब्लिक स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 वर्ग में एल.आर. दोआबा स्कूल पहले और गवर्नमेंट हाई स्कूल पूरनपुर दूसरे स्थान पर रहा।
फिल्लौर ब्लॉक में अंडर-14 खो-खो में गवर्नमेंट हाई स्कूल नगर विजेता रहा। अंडर-17 में डी.ए.वी. फिल्लौर ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-21 में भी गवर्नमेंट हाई स्कूल नगर ने बाजी मारी।
वहीं रुड़का कलां ब्लॉक में अंडर-14 फुटबॉल में एस.टी.एस. वर्ल्ड स्कूल पहले और वाई.एफ.सी. रुड़का कलां दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 वॉलीबॉल में लाधियां ने पहला स्थान हासिल किया।