ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नवम्बर माह के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षणों का संचालन
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नवम्बर माह के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षणों का संचालन
मंडी, 02 नवंबर। सहायक निदेशक एवं प्रभारी, उप क्षेत्रीय कार्यालय मण्डी अमित कुमार ने आज यहां बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी), सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नवम्बर, 2026 के दौरान मंडी जिले में विभिन्न सर्वेक्षण संचालित किए जा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण में किया जाता है।
उन्होंने बताया कि नवम्बर, 2026 के दौरान मण्डी जिले में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) का आयोजन घरबासड़ा, मण्डी, हयूण में, वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण (ASUSE) मण्डी तथा शिहल में, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (NHIS) सारी व दाण में, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) सर्वेक्षण मण्डी, तुंगाधार, महादेव, साई तथा शाकरा में, प्रवासन सर्वेक्षण (Migration) गौड़ा गागल व सरकाघाट में, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (AIDIS), कृषि परिवारों का स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण (SAS) का कुन्नु में संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान प्रशिक्षित एनएसओ अधिकारी/कर्मचारी सुरक्षित डिजिटल उपकरणों एवं वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी एकत्र करते हैं। सभी सूचनाएँ पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
उन्होंने सभी चयनित परिवारों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों से अनुरोध किया है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों व कर्मचारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग प्रदान करें। इस तरह का सहयोग सशक्त सांख्यिकीय प्रणाली, बेहतर नीति निर्माण एवं राष्ट्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
-0-
—