गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाशोत्सव पर तलवंडी साबो में 500 ड्रोन का खास शो, 1 सितंबर को होगा आयोजन
बठिंडा: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर पंजाब सरकार की ओर से बठिंडा जिले के तलवंडी साबो में विशेष ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 1 सितंबर को शाम 5:30 बजे श्री दशमेश सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में होगा।
ड्रोन शो की तैयारियों को लेकर तलवंडी साबो की सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) वीरपाल कौर ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
आसमान में एक साथ उड़ेंगे 500 ड्रोन
SDM वीरपाल कौर ने बताया कि शो के दौरान करीब 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ेंगे। इन ड्रोन के जरिए श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, उनके श्लोकों और महान शिक्षाओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह शो लोगों के लिए खास अनुभव होगा और क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों के साथ कार्यक्रम देखने पहुंचें।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर खास ध्यान
SDM ने पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा शो देखने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक और पार्किंग की उचित व्यवस्था करने को कहा गया।प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर पीने के साफ पानी, बैठने की व्यवस्था, स्कूल ग्राउंड की सफाई और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बठिंडा जिले में पांच जगह होंगे ड्रोन शो
तलवंडी साबो के बाद बठिंडा जिले के अन्य शहरों में भी ऐसे विशेष ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।
- 7 सितंबर: मौड़ मंडी
- 8 सितंबर: रामपुरा फूल
- 9 सितंबर: भुच्चो मंडी
- 10 सितंबर: बठिंडा
इन आयोजनों का उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना है।