गाड़ी में मिले 3 बैल, सुजानपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पठानकोट चौक पर गौवंश से लदी गाड़ी पकड़ी, दो गिरफ्तार
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने गौवंश की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पठानकोट चौक से गौवंश से लदी एक गाड़ी को काबू किया है। इस मामले में पुलिस ने गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सलीम और फारूक, दोनों निवासी सुजानपुर, पठानकोट के रूप में हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ACP HQ जालंधर श्री करनैल सिंह PPS ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर-8 के अंतर्गत पठानकोट चौक पर गौवंश से लदी एक गाड़ी के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। बताया गया कि पब्लिक की ओर से उक्त गाड़ी को रोका गया था। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गाड़ी की जांच की।
पुलिस की जांच के दौरान गाड़ी के अंदर तीन गौवंश (बैल) लदे हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी में मौजूद दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। गौवंश की तस्करी के संबंध में थाना डिवीजन नंबर-8 में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बरामद किए गए तीनों गौवंश को सुरक्षित नजदीकी गौशाला में पहुंचा दिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंश की तस्करी और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।