गांधी के अहिंसा और शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के आदर्शों पर चलने की अपील
कांग्रेस ने मनाई महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती, बेरी ने युवाओं को दिए राष्ट्रसेवा के संदेश
कांग्रेस पार्टी की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजिंदर बेरी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर फूल अर्पित किए।
मीडिया से बातचीत करते हुए राजिंदर बेरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने नमक आंदोलन सहित विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से देशवासियों को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया। गांधी जी ने अहिंसा और सत्य के मार्ग को अपनाते हुए देश की एकता को मजबूत करने का कार्य किया।
बेरी ने कहा कि महात्मा गांधी को देशवासी बापू और राष्ट्रपिता के नाम से संबोधित करते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और विकास के लिए समर्पित किया। गांधी जी ने विभिन्न धर्मों और वर्गों के लोगों को एकजुट करने में भी अहम भूमिका निभाई।
इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन किया गया। बेरी ने कहा कि शास्त्री जी के नेतृत्व में देश ने 1965 के युद्ध के दौरान मजबूती से मुकाबला किया। उनका दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपनाने तथा देश की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने की अपील की।