खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के लिए पंजीकरण हेतु मोगा में क्यू.आर. कोड जारी

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 31, 2026

मोगा- पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के उद्देश्य से ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इन खेलों के तहत जिले के सभी खिलाड़ियों के सुविधाजनक एवं पारदर्शी पंजीकरण के लिए आज मोगा में डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया द्वारा क्यू.आर. कोड (स्कैनर) जारी किया गया।

इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक योग्य खिलाड़ियों को ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ का हिस्सा बनने की अपील की। इस अवसर पर उनके साथ एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्री जसपिंदर सिंह, जिला खेल अधिकारी नवदीप जिंदल तथा जिला लोक संपर्क अधिकारी श्री सुबेग सिंह भी उपस्थित थे। डिप्टी कमिश्नर ने जानकारी देते हुए बताया कि ये खेल मुकाबले विभिन्न आयु वर्गों जैसे अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21 से 30 वर्ष, 31 से 40 वर्ष, 41 से 50 वर्ष, 51 से 60 वर्ष, 61 से 70 वर्ष तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग वर्ग के लिए करवाए जा रहे हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिला मोगा में 9 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक ब्लॉक स्तर पर कुल 7 खेलों- एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी (नेशनल एवं सर्कल स्टाइल), फुटबॉल तथा वॉलीबॉल (स्मैशिंग एवं शूटिंग)—के मुकाबले करवाए जाएंगे। 25 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक जिला स्तर पर कुल 28 खेलों के मुकाबले आयोजित होंगे। इसके बाद 10 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 तक 38 खेलों के राज्य स्तरीय मुकाबले तथा 25 नवंबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक पैरा खेलों का आयोजन किया जाएगा।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिला प्रशासन, मोगा द्वारा जिले के सभी खिलाड़ियों की सुविधा, खेल मैदानों के प्रबंध, रिफ्रेशमेंट, मेडिकल टीमों तथा सुरक्षा संबंधी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले के सभी बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों से पुरजोर अपील की कि वे इस क्यू.आर. कोड को स्कैन करके पोर्टल पर अपना पंजीकरण तुरंत सुनिश्चित करें और खेल मैदानों से जुड़कर पंजाब को स्वस्थ एवं रंगला बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

Scroll to Top