कनाडा की पीआर दिलाने के नाम पर युवक से 15 लाख की ठगी, दिल्ली निवासी व्यक्ति पर केस।

📍 स्थान / Location: बाघापुराना 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 21, 2026

मोगा, 21 अगस्त (दलीप कुमार)- मोगा जिले के थाना बाघापुराना क्षेत्र के गांव कालेके निवासी एक युवक को कनाडा की पीआर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दिल्ली निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना बाघापुराना के सहायक थानेदार जसविंदर सिंह ने बताया कि त्रिलोचन सिंह पुत्र भाग सिंह निवासी गांव कालेके ने जिला पुलिस प्रमुख मोगा को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका बेटा कनाडा जाना चाहता था। इसी दौरान उनकी बातचीत सुखविंदर सिंह पुत्र प्यारा सिंह निवासी नई दिल्ली के साथ हुई। आरोपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह उनके बेटे को कनाडा की पीआर दिलवा देगा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में तीन बार करके उनसे कुल 15 लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद जब उन्होंने बेटे को कनाडा भेजने तथा पीआर संबंधी प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। काफी समय बीतने के बाद भी न तो उनका काम हुआ और न ही पैसे वापस किए गए। अपने साथ ठगी होने का अहसास होने पर त्रिलोचन सिंह ने मामले की शिकायत एसएसपी मोगा को दी।

एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच डीएसपी बाघापुराना को सौंप दी। प्रारंभिक जांच के बाद डीएसपी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर थाना बाघापुराना में सुखविंदर सिंह निवासी दिल्ली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सहायक थानेदार जसविंदर सिंह ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस द्वारा दिल्ली में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।

Scroll to Top