आग से बंद वार्ड जल्द होगा मरीजों के लिए चालू, लापरवाही पर अधिकारियों व ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
जालंधर सिविल अस्पताल में डायरेक्टर डॉ. सुनील गोयल का औचक निरीक्षण, 7 दिन में मरम्मत पूरी करने के सख्त निर्देश
पंजाब स्वास्थ्य विभाग के नए निदेशक (PHSC) डॉ. सुनील गोयल ने गुरुवार को जालंधर के सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, आपातकालीन विभाग और आग लगने के बाद बंद पड़े वार्ड में चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान सिविल सर्जन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (DMC), एसएमओ (SMO) सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
करीब 15 दिन पहले अस्पताल के एक वार्ड में आग लगने के बाद उसे बंद कर दिया गया था। निरीक्षण के दौरान निदेशक ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि मरम्मत तथा बिजली की वायरिंग का काम हर हाल में अगले 7 दिनों के भीतर पूरा किया जाए, ताकि वार्ड को दोबारा मरीजों के लिए शुरू किया जा सके।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. गोयल ने कहा कि पिछले 15 दिनों की तुलना में अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि एक दिन में पूरी व्यवस्था नहीं बदल सकती, लेकिन सरकार और प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं। कर्मचारियों द्वारा धमकी दिए जाने के आरोपों को उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी को धमकाना नहीं, बल्कि अस्पताल की व्यवस्था बेहतर करना है। हालांकि समयसीमा में काम पूरा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने अस्पताल में बेड की कमी और एनजीओ को दी जा रही सुविधाओं के मुद्दे पर भी कहा कि सरकार के पास विस्तार के लिए फंड की कमी नहीं है। जल्द नए बेड और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने पर काम किया जाएगा। साथ ही एसडीओ को एक सप्ताह में नया बिजली कनेक्शन चालू करने के निर्देश दिए गए।