अंगद दत्ता ने दिल्ली में सचिन पायलट से की मुलाकात, जालंधर अर्बन संगठन को मजबूत करने पर चर्चा
टिकट नहीं, संगठन मजबूती प्राथमिकता: सचिन पायलट से मिले यूथ कांग्रेस नेता अंगद दत्ता
यूथ कांग्रेस जालंधर अर्बन के जिला अध्यक्ष अंगद दत्ता ने रविवार को दिल्ली में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जालंधर अर्बन में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने, युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने तथा आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान अंगद दत्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पद या टिकट की दौड़ में शामिल होना नहीं, बल्कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जालंधर अर्बन में पार्टी के संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करना है।
अंगद दत्ता ने कहा कि 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करना जरूरी है। इसके लिए युवा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका देकर उन्हें पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य जालंधर अर्बन सहित पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का मजबूत संगठन तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले खुद को कांग्रेस का कार्यकर्ता मानते हैं और पार्टी की ओर से दी जाने वाली हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अंगद दत्ता ने सचिन पायलट का समय देने और युवा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।