सांसद डॉ. अशोक मित्तल 17 अक्टूबर को जालंधर में ₹1.50 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे उद्घाटन
रामबाग कमेटी और मॉडल टाउन सोसाइटी को मिलेगा विकास का तोहफा, सांसद निधि से होंगे काम
जालंधर शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल की ओर से सांसद निधि के तहत ₹1.50 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। इन निधियों से करवाए जा रहे विकास कार्यों का उद्घाटन 17 अक्टूबर को सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल अपने कर-कमलों से करेंगे। इन परियोजनाओं के तहत जालंधर कैंट और मॉडल टाउन क्षेत्र की दो प्रमुख सामाजिक संस्थाओं की इमारतों का नवीनीकरण और नया निर्माण किया जाएगा।
इन विकास कार्यों में पहला प्रोजेक्ट रामबाग प्रबंधक कमेटी (रजि.), रहमानपुर, दीप नगर, जालंधर कैंट में पूरा किया जाएगा। इस परियोजना पर सांसद निधि से ₹1 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत इमारत का नवीनीकरण और नए निर्माण से संबंधित कार्य करवाए जाएंगे, जिससे कमेटी के सदस्यों और आसपास के निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
वहीं, दूसरा प्रोजेक्ट जालंधर मॉडल टाउन सोसाइटी (रजि.), शिवपुरी, मॉडल टाउन में शुरू किया जाएगा। इस परियोजना पर ₹50 लाख खर्च किए जाएंगे। इसके तहत इमारत का नवीनीकरण और नया निर्माण किया जाएगा, जिससे सोसाइटी के सदस्यों और इलाके के लोगों को सामाजिक गतिविधियों और समारोहों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
इन परियोजनाओं से संबंधित संस्थाओं और आसपास के निवासियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय निवासियों और संस्थाओं के पदाधिकारियों में उद्घाटन को लेकर उत्साह है। डॉ. अशोक कुमार मित्तल द्वारा सांसद निधि के माध्यम से करवाए जा रहे ये कार्य क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।