मोगा के आकाश में जगमगाया श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान विचारधारा का संदेश
श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे विशेष समारोहों की श्रृं
मोगा के आकाश में जगमगाया श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान विचारधारा का संदेश
सैकड़ों रोशन ड्रोन से समानता, सांझीवालता, भाईचारे और मानवता की झलक; विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में संगत ने लिया ड्रोन शो का आनंद
मोगा, श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे विशेष समारोहों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार रात सरकारी आई.टी.आई., मोगा में करवाया गया भव्य ड्रोन शो श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। रात के अंधेरे में आसमान पर सैकड़ों रोशन ड्रोन से उभरती विभिन्न आकृतियों और दृश्यों ने उपस्थित संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी और महान विचारधारा को प्रदर्शित करते हुए समानता, सांझीवालता, भाईचारे, दया और मानव सम्मान का संदेश दिया गया।
ड्रोन शो के दौरान आसमान में रोशनी से उभरी आकृतियों ने गुरु जी की शिक्षाओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी रोशनियों के साथ आसमान में बने विभिन्न दृश्य देखते ही देखते लोगों के लिए विशेष आकर्षण बन गए। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने मोबाइल फोन से इन मनमोहक दृश्यों को कैमरे में कैद किया। आधुनिक तकनीक के जरिए गुरु जी की विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के इस प्रयास को युवाओं ने भी काफी उत्साह के साथ देखा।
समारोह के दौरान ढाडी जत्थे द्वारा ढाडी वारों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा समानता और भाईचारे के संदेश को प्रस्तुत किया गया। ढाडी वारों की गूंज और खुले आकाश में चमकती रोशन आकृतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर मोगा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, मेयर विनयपाल कौर, एस.एस.पी. सरताज सिंह चहल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जसपिंदर सिंह, एस.डी.एम. सतविंदरपाल रणीके सहित विभिन्न नेता, धार्मिक हस्तियां, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे और आपसी सम्मान का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गुरु जी की महान विचारधारा आज भी समाज को एकता और मानवता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो जैसे आधुनिक और अनूठे माध्यमों के जरिए गुरु जी की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी का जीवन और उनकी बाणी मानवता को समानता, सांझीवालता और सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से संगत की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए समारोह को सुचारु ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए।
सरकारी आई.टी.आई. परिसर में बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने श्रद्धा और उत्साह के साथ ड्रोन शो का आनंद लिया। आसमान में उभरते रोशन दृश्यों ने उपस्थित लोगों के बीच विशेष उत्साह पैदा किया। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी प्रशासन और पुलिस की ओर से उचित प्रबंध किए गए।
उल्लेखनीय है कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित समारोहों की इसी श्रृंखला के तहत 18 सितंबर को दाना मंडी, धर्मकोट में भी विशेष ड्रोन शो करवाया जाएगा।