नकाबपोश युवक ने चांदी के गहने-बांसुरी चुराई, माता का बिस्तर जमीन पर फेंका; जाते समय एक्टिवा भी ले गया
ताजपुर रोड के वैष्णो देवी मंदिर में चोरी और बेअदबी, CCTV में कैद हुई वारदात
लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित किशोर नगर इलाके में वैष्णो देवी मंदिर में चोरी और बेअदबी का मामला सामने आया है। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में एक नकाबपोश युवक मंदिर के अंदर दाखिल होता और इधर-उधर घूमने के बाद चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में रोष का माहौल है।
मंदिर के पंडित जय भगवान शर्मा ने बताया कि बुधवार रात एक नकाबपोश युवक मंदिर में दाखिल हुआ। युवक ने मंदिर के अंदर रखे चांदी के सामान को चोरी किया। आरोप है कि उसने माता के बिस्तर को भी जमीन पर फेंक दिया। इसके अलावा भगवान के चांदी के कुछ गहने और कृष्ण भगवान की चांदी की बांसुरी भी चोरी कर ली।
पंडित जय भगवान शर्मा के मुताबिक, युवक चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद मंदिर से बाहर निकला और जाते समय उनका एक्टिवा स्कूटर भी अपने साथ ले गया। उन्होंने बताया कि एक्टिवा उन्होंने पिछले साल ही नया लिया था।
CCTV फुटेज खंगालने में जुटे लोग
मंदिर में हुई इस घटना के बाद आसपास के लोगों में भी नाराजगी है। CCTV फुटेज में युवक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मंदिर प्रबंधन की ओर से चोरी हुए सामान और एक्टिवा के संबंध में पुलिस को जानकारी दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। चोरी हुए चांदी के सामान की कीमत कितनी है, इसका आकलन भी किया जा रहा है।