एचआरटीसी चालक का निलंबन हो खत्म, बस एक्सीडेंट की निष्पक्ष जांच करें एचआरटीसी प्रबंधन
कुल्लू: जिला के भेखली कुल्लू सड़क मार्ग पर 28 अगस्त को एचआरटीसी के बस एक्सीडेंट मामले में एचआरटीसी प्रबंधन के द्वारा चालक प्रवीण कुमार को सस्पेंड किया गया है। तो वहीं अब समाज सेवी बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी और संजय चौहान ने चालक के सस्पेंशन का विरोध किया है। वहीं उन्होंने आर एम कुल्लू डीके नारंग के साथ भी मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
समाज सेवी संजय चौहान ने मांग रखी कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और चालक का जो निलंबन किया गया है। उसे तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। वरना 23 सितंबर को एचआरटीसी के बाशिंग कार्यालय में आम जनता के साथ मिलकर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। समाजसेवी संजय चौहान ने बताया कि चालक ने अपनी जान को दांव पर लगाकर 70 से अधिक सवारियों को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाया और बस को पहाड़ी से टकरा दिया।
ऐसे में जहां चालक को सम्मानित किया जाना चाहिए था। तो वही एचआरटीसी के द्वारा चालक का पहले प्रबंधन के द्वारा तबादला किया गया और उसके बाद उसे सस्पेंड किया गया। जो बिल्कुल भी सही नहीं है। ऐसे में आर एम कुल्लू को एक ज्ञापन सौंपा गया हैं और उसमें इस बस एक्सीडेंट से संबंधित अन्य जानकारियां भी मांगी गई है। अगर 7 दिनों के भीतर चालक का निलंबन निरस्त नहीं किया गया तो घाटी के लोग मिलकर एचआरटीसी के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
संजय चौहान ने कहा कि इस मामले में एचआरटीसी के बड़े अधिकारियों ने अपनी नाकामियों को छुपाया है और ड्राइवर को मोहरा बनाकर उसे निलंबित कर दिया। अब इस तरह की हरकतें बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और घाटी की जनता एचआरटीसी चालक का साथ दे रही है।