पत्नी व ससुराल पक्ष से परेशान युवक ने निगली जहरीली दवा, इलाज के दौरान मौत

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 September 15, 2026

पत्नी और ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर परेशान किए जाने से दुखी एक युवक ने जहरीली दवा निगल ली। करीब 20 से 25 दिन तक उप

पत्नी व ससुराल पक्ष से परेशान युवक ने निगली जहरीली दवा, इलाज के दौरान मौत

मोगा-कोटकपूरा हाईवे पर परिजनों का धरना, पत्नी समेत पांच पर केस; एक आरोपित गिरफ्तार, चार की तलाश जारी।

मोगा। पत्नी और ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर परेशान किए जाने से दुखी एक युवक ने जहरीली दवा निगल ली। करीब 20 से 25 दिन तक उपचार चलने के बाद बठिंडा के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने मंगलवार को मोगा-कोटकपूरा हाईवे पर धरना लगाकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने कहा कि जब तक सभी आरोपित गिरफ्तार नहीं होते, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे और मृतक का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा।

मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। धरने के दौरान उसके पिता गुरदेव सिंह ने बताया कि उनके बेटे की करीब एक वर्ष पहले पायल नामक युवती से शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही कथित तौर पर ससुराल पक्ष की ओर से आकाशदीप को परेशान किया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाशदीप पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया जा रहा था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

परिजनों के अनुसार, इसी परेशानी के चलते 17 अगस्त को आकाशदीप ने जहरीली दवा निगल ली। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। करीब 20 से 25 दिनों तक उसका उपचार चलता रहा, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और बठिंडा के अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

पांच आरोपितों के खिलाफ मामला

डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जहरीली दवा निगलने के बाद आकाशदीप की मौत के मामले में मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर उसकी पत्नी पायल समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पायल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य चार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाकी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक पांचों आरोपित पुलिस की गिरफ्त में नहीं आते, तब तक धरना जारी रहेगा और आकाशदीप का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

Scroll to Top