गणेश उत्सव में मिडल बाजार पहुंचे राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, बप्पा के चरणों में नवाया शीश

📍 स्थान / Location: शिमला 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 September 14, 2026 🌐 GPS: शिमला

गणेश उत्सव में मिडल बाजार पहुंचे राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, बप्पा के चरणों में नवाया शीश

गणेश उत्सव में मिडल बाजार पहुंचे राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, बप्पा के चरणों में नवाया शीश

शिमला। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर से राजधानी शिमला में शुरू हुए गणेश उत्सव के बीच सोमवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मिडल बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट शिमला द्वारा आयोजित गणेश उत्सव में शिरकत कर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और विघ्नहर्ता बप्पा के चरणों में शीश नवाया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल ने गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट की ओर से आयोजित गणेश उत्सव के लिए आयोजकों को भी शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक वातावरण बनाने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सनातन परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ने का काम करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सनातन परंपरा में भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता माना जाता है। किसी भी शुभ कार्य को शुरू करने से पहले भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश सभी के जीवन से विघ्नों को दूर करें और हिमाचल प्रदेश के लोगों के जीवन में खुशियां ही खुशियां आएं, यही उनकी कामना है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम सभी अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करें। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ना जरूरी है।
वहीं, ब्रिक्स के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। भारत का वैश्विक स्तर पर प्रभाव बढ़ा है और दुनिया के देशों के साथ भारत के संबंध पहले की अपेक्षा और मजबूत हुए हैं।

Scroll to Top