चूड़धार में रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, चार श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया
शिमला। चूड़धार क्षेत्र में यात्रा से लौटते समय जंगल में रास्ता भटके चार श्रद्धालुओं को शिमला पुलिस ने रातभर चले सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बचा लिया। दुर्गम और घने जंगल के बीच अंधेरे में पुलिस जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लगातार तलाश अभियान चलाया और चारों श्रद्धालुओं तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि चूड़धार यात्रा से वापस लौट रहे कुछ श्रद्धालु जंगल में रास्ता भटक गए हैं। उन्हें अपनी सही लोकेशन का भी पता नहीं चल पा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम सक्रिय हुई और बिना समय गंवाए चूड़धार के दुर्गम क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
घने जंगल, रात का अंधेरा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियां पुलिस टीम के सामने बड़ी चुनौती थीं। इसके बावजूद जवानों ने लगातार तलाश जारी रखी। कड़ी मशक्कत के बाद आधी रात के दौरान पुलिस टीम ने पताल खड्ड की ओर जंगल में फंसे दो युवकों को खोज निकाला और उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया।
इसी बीच दो अन्य श्रद्धालुओं, एक दंपति, के भी रास्ता भटकने की सूचना पुलिस को मिली। टीम ने अपना अभियान जारी रखते हुए चूड़धार क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की और दोनों को भी सुरक्षित खोजकर बाहर निकाला। चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया है और पुलिस टीम द्वारा उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा रहा है। शिमला पुलिस के जवानों की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता से चार लोगों को रात के अंधेरे में सुरक्षित बचाया जा सका।