धर्मपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार : चंद्रशेखर

📍 स्थान / Location: Mandi 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Chandra shekhar 📅 September 13, 2026 🌐 GPS: मंडी

धर्मपुर: नगर पंचायत धर्मपुर के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि धर्मपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उनके विशेष प्रयासों से ग्राम पंचायत धर्मपुर को उन्नत कर 24 दिसंबर, 2024 को नगर पंचायत का दर्जा प्रदान किया गया था। नगर पंचायत द्वारा 1 अप्रैल, 2026 से विधिवत कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में विभिन्न विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद धर्मपुर में लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ई-रिक्शा सेवा शुरू की गई है। इससे स्थानीय लोगों को सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

धर्मपुर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्युत विभाग को स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने के लिए 35 लाख रुपये की राशि जमा करवाई गई है। इसके अतिरिक्त धर्मपुर बाजार में करीब 11 लाख रुपये की लागत से दो हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इनके शुरू होने से बाजार और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी तथा स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर नए बेंच स्थापित किए गए हैं, जबकि नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सफाई कर्मचारियों और वाहन चालक की व्यवस्था की गई है। इससे सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी।

जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर पंचायत क्षेत्र के 25 परिवारों को मकान निर्माण के लिए धनराशि आवंटित की जा रही है। वहीं, अन्य 61 परिवारों के लिए धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया जारी है। इससे पात्र परिवारों को अपने पक्के मकान बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत धर्मपुर बस स्टैंड पर करीब 18 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है। इसका अनुमान तैयार कर लिया गया है तथा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा नगर पंचायत के सभी वार्डों में सड़क, नालियों और सुरक्षा दीवारों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य आवंटित करने की प्रक्रिया जारी है। इन कार्यों से नगर क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

विधायक ने कहा कि धर्मपुर को आधुनिक एवं व्यवस्थित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए इसे अमृत योजना के दायरे में लाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उनके विशेष प्रयासों से इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। योजना के माध्यम से धर्मपुर में जलापूर्ति, सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन, जल निकायों के कायाकल्प, हरित क्षेत्रों एवं पार्कों के विकास तथा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज जैसी आधुनिक शहरी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का मार्ग प्रशस्त होगा।

भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बरसात के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विशेष विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य धर्मपुर के शहरी क्षेत्र में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के साथ-साथ सुनियोजित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है।

चंद्रशेखर ने कहा कि धर्मपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत है। नगर पंचायत बनने के बाद विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है तथा सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, आवास, पेयजल, पार्किंग और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसुविधाओं और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। धर्मपुर में भी सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई देने लगा है। आने वाले समय में धर्मपुर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित, आधुनिक और सुविधायुक्त नगर के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिल सके।

Scroll to Top