बिजली सप्लाई से परेशान किसानों का फूटा गुस्सा, मोगा-अमृतसर हाईवे किया जाम

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Farmers Protest 📅 September 12, 2026

मोगा। पिछले कई दिनों से कृषि क्षेत्र को मिल रही अनियमित बिजली सप्लाई से परेशान किसानों का गुस्सा शनिवार को उस समय फूट पड़ा, जब बड़ी संख्या में किसानों ने मोगा-अमृतसर रोड पर स्थित बिजली ग्रिड जनेर के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मोगा-अमृतसर हाईवे को भी जाम कर दिया, जिसके चलते सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

धरने पर बैठे किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 12 दिनों से कृषि क्षेत्र की बिजली सप्लाई लगातार प्रभावित हो रही है। कई बार खेतों को महज एक घंटे के आसपास ही बिजली मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि इस समय धान की फसल को पानी की बेहद जरूरत है, लेकिन बिजली कटों के कारण ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं। बारिश न होने और गर्मी अधिक पड़ने के कारण फसल को पहले ही अतिरिक्त पानी की आवश्यकता है। ऐसे में बिजली की अनियमित सप्लाई से किसानों को धान की फसल प्रभावित होने की चिंता सता रही है।

किसानों ने मांग की कि कृषि क्षेत्र के लिए बिजली सप्लाई को नियमित किया जाए और खेतों को तय समय के अनुसार निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाई जाए। किसानों का कहना था कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

मामले की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों के दौरान कृषि सप्लाई में कट लगाने की स्थिति बनी थी, लेकिन अब बिजली व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि रात वाले ग्रुप की सप्लाई करीब सात घंटे चली है, जबकि दिन वाला ग्रुप सुबह 8 बजे से लगातार चल रहा है।

एसडीओ ने किसानों को भरोसा दिलाया कि खेतों के लिए करीब साढ़े पांच घंटे की बिजली सप्लाई उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। अगर किसी कारणवश कट लगाना भी पड़ा तो कोशिश रहेगी कि सप्लाई के शुरू या आखिर में कट लगाया जाए, ताकि बीच में बिजली की सप्लाई बाधित न हो। उन्होंने बताया कि बारिश न होने, अधिक गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग के कारण सप्लाई पर दबाव बढ़ा है, जिसके चलते कुछ इलाकों में कट की समस्या सामने आई। हालांकि आने वाले दिनों में बिजली सप्लाई में और सुधार होने की उम्मीद है।

बिजली विभाग के एसडीओ के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और हाईवे पर यातायात बहाल हो गया।

Scroll to Top