आरकेएमवी शिमला की एनसीसी कैडेट्स का शानदार प्रदर्शन, 3 शिविरों में जीते 26 पदक
शिमला। राजकीय कन्या महाविद्यालय (RKMB) शिमला की एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न शिविरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। कैडेट्स ने वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी), वाइब्रेंट विलेज कैंप और वाइब्रेंट कल्पा कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 26 पदक अपने नाम किए। इनमें 11 स्वर्ण और 15 रजत पदक शामिल हैं।
वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेट सैलवी रनाइक ने एटीसी सीनियर और गार्ड ऑफ ऑनर में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सांस्कृतिक नृत्य में उन्हें द्वितीय स्थान मिला। खुशी, मानसी, कनक, बंदना और नेहा ने भी सांस्कृतिक नृत्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कैडेट ईशिता ने ग्रुप डांस और सोलो डांस में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, अक्षिता ने रस्साकशी, ग्रुप डांस और वेपन हैंडलिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कैडेट पलक, नेहा, कुमकुम और मुस्कान ने गार्ड ऑफ ऑनर में प्रथम स्थान हासिल किया और सांस्कृतिक नृत्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा वाइब्रेंट विलेज कैंप में कैडेट निधि ने रस्साकशी में प्रथम स्थान हासिल किया। वाइब्रेंट कल्पा कैंप में भी आरकेएमवी की कैडेट्स का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। पारुल ठाकुर और पल्लवी ने रस्साकशी में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नेहा नेगी ने रस्साकशी और वॉलीबॉल दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना ने सभी विजेता कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन, टीम भावना, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कैडेट्स की यह सफलता महाविद्यालय और एनसीसी इकाई के लिए गर्व का विषय है।