बिजली की खराब मोटर बनी मौत का कारण! मोगा में 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत
थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने खेत में बिजली की मोटर ठीक करने गए एक 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से हुई मौत के मामले में
मोगा: थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने खेत में बिजली की मोटर ठीक करने गए एक 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से हुई मौत के मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान राम सिंह निवासी बुक्कनवाला रोड, मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतक के पिता सोमा सिंह के बयानों के आधार पर की है।
सहायक थानेदार हरजिंदर सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। उसका बेटा राम सिंह करीब एक महीने से निंदरपाल सिंह धालीवाल के पास बिजली का काम सीख रहा था। 10 सितंबर को निंदरपाल सिंह ने उसके बेटे राम सिंह को खेतों में लगी तीन फेज की मोटर चलाने के लिए भेजा था। बताया गया कि मोटर पहले से खराब थी और राम सिंह ने भी इस संबंध में जानकारी दी थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद निंदरपाल सिंह ने उसे कहा कि मशीन सही चल रही है और उसे काम के लिए खेत में भेज दिया। उसे यह भी बताया गया कि खेत मालिक के दो व्यक्ति वहां मौजूद हैं और वे उसकी मदद करेंगे। हालांकि, मौके पर राम सिंह की मदद के लिए कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
पुलिस के मुताबिक खेत में काम करते समय राम सिंह को करंट लग गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद निंदरपाल सिंह और खेत मालिक की ओर से पुलिस को समय पर कोई सूचना नहीं दी गई।
मामले की जांच के बाद थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने बीएनएस की धारा 304ए के तहत निंदरपाल सिंह तथा खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।