चोरी की रेत ले जाते आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
धर्मकोट थाना पुलिस ने चोरी की रेत की अवैध ढुलाई के मामले में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने
मोगा: धर्मकोट थाना पुलिस ने चोरी की रेत की अवैध ढुलाई के मामले में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना धर्मकोट में तैनात सहायक थानेदार दलजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि गांव बाजेके साइड से एक स्वराज 855 लाल रंग का ट्रैक्टर, के साथ रेत से भरी ट्रॉली धर्मकोट की ओर आ रही है। बताया गया कि उक्त रेत चोरी की है और आरोपी इसे लेकर जा रहा है।
मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस पार्टी ने फ्लाईओवर चौक धर्मकोट के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने बताए गए हुलिए के अनुसार आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की। जांच के दौरान ट्रॉली में रेत भरी हुई मिली। पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरमीत सिंह उर्फ गीता पुत्र जगसीर सिंह, निवासी बाबा पाला रोड, धर्मकोट के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान रेत की चोरी से संबंधित अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा कथित तौर पर यह रेत अमनदीप सिंह ढिल्लो पुत्र निशान सिंह निवासी बाजेके की जमीन के बीच स्थित खड्ड से भरकर लाई जा रही थी। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सहायक थानेदार दलजीत सिंह ने बताया कि चोरी की रेत की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध खनन तथा चोरी की रेत से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।