राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य ने सफाई कर्मचारियों की भलाई संबंधी योजनाओं और उपायों की समीक्षा की

🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Free Sanitation Kits 📅 September 12, 2026 🌐 GPS: Jalandhar

जालंधरः राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य हरदीप सिंह गिल ने आज जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों की भलाई संबंधी योजनाओं और उपायों की समीक्षा की।

स्थानीय जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य हरदीप सिंह गिल ने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने नगर निगम और नगर परिषदों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कर्मचारियों की ‘नमस्ते’ पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें मुफ्त सफाई किटें और अन्य देय सुविधाएं दी जा सकें। इस उद्देश्य के लिए उन्होंने विशेष कैम्प लगाने का भी निर्देश दिया।

गिल ने नगर निगम के अधिकारियों को एनएसकेएफडीसी के साथ समन्वय करके सफाई कर्मियों के लिए विशेष कैम्प लगाने के निर्देश दिए ताकि उन्हें एनएसकेएफडीसी की योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने एमएस एक्ट-2013 के बारे में जागरूकता के लिए कैम्प और कार्यशालाएं करवाने का भी निर्देश दिया।

सदस्य आयोग ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की बेहतरी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला और उप-मंडल स्तर पर गठित समितियों की नियमित बैठकें की जाएं। उन्होंने इस अवसर पर नगर निगम/परिषदों को सफाई कर्मचारियों के लिए उपयुक्त चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी सफाई व्यवस्था की रीढ़ की हड्डी हैं, जिनकी भलाई संबंधी योजनाओं और कानूनों को लागू किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सहायक कमिश्नर वरुण कुमार, जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी रणबीर सिंह, नगर निगम और नगर परिषदों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Scroll to Top