गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व को समर्पित ड्रोन शो ने मोहा संगत का मन, विधायक बलकार सिंह ने किया संबोधित

📍 स्थान / Location: करतारपुर 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 drone show 📅 September 12, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधर: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा आयोजित समारोहों की श्रृंखला के तहत गांव रंधावा मसंदा में बृहस्पतिवार शाम शानदार ड्रोन शो करवाया गया। रात के आसमान में एक साथ उड़ते 500 ड्रोनों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी, विचारधारा और महान दर्शन को दर्शाते दृश्य प्रस्तुत किए गए। इस अनूठे आयोजन ने बड़ी संख्या में मौजूद संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में करतारपुर के विधायक बलकार सिंह अपनी धर्मपत्नी हरप्रीत कौर सहित शामिल हुए। इस दौरान बहन संतोष जी और संत बाबा निर्मल दास जी भी मौजूद रहे। विधायक बलकार सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने पूरी मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत, सच्चे आचरण और साझेदारी का संदेश दिया। पंजाब सरकार द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुरु जी की महान शिक्षाओं को विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 92 ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें गुरु जी के जीवन और शिक्षाओं को आसमान में जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। डेरा सच्चखंड बल्लां के निकट 10.4 एकड़ क्षेत्र में ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ की स्थापना भी की जा रही है।

इससे पहले भाई जसबीर सिंह जालंधर वाले के जत्थे ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। मौके पर मार्किट कमेटी जालंधर के चेयरमैन गुरपाल सिंह, एसडीएम जालंधर-2 शायरी मलहोत्रा, बीडीपीओ सेवा सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

Scroll to Top