बकरियां चराने गए चरवाहे पर तेजधार हथियार से हमला, 2 दर्जन से अधिक बकरियां लूटकर फरार
मोगा: थाना बाघापुराना के अंतर्गत पड़ती पुलिस चौकी नत्थूवाला गर्बी के गांव हरिएवाला में अज्ञात लुटेरों द्वारा बकरियां चरा रहे एक चरवाहे पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने और उसकी 2 दर्जन से अधिक बकरियां लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल चरवाहे की उपचार के दौरान फरीदकोट स्थित मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान बच्ची सिंह (42) निवासी गांव हरिएवाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बच्ची सिंह गांव के आसपास बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आरोपी उसकी 2 दर्जन से अधिक बकरियों को अपने साथ लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच कुलवीर सिंह, पंचायत सदस्य और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल बच्ची सिंह को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फरीदकोट पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थाना बाघापुराना के प्रभारी इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों और लूटी गई बकरियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास से बकरियों के पदचिह्नों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी बकरियों को पैदल किस दिशा में लेकर गए और आगे किस वाहन के माध्यम से फरार हुए।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों द्वारा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
इस मामले की जांच पुलिस चौकी नत्थूवाला गर्बी के इंचार्ज सहायक थानेदार सुरजीत सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।