मोगा पुलिस की कार्रवाई, 2 तस्कर गिरफ्तार, 25 ग्राम हेरोइन और 30 नशीली गोलियां जब्त
मोगा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 ग्राम हेरोइन और 30 नशीली गोलियां बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
थाना बधनी कलां पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में एएसआई अमरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बग्गवाला कलां, राऊके रोड निवासी बिंदर सिंह पुत्र जगसीर सिंह नशीले पदार्थों की तस्करी करता है और पैदल घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दाना मंडी, बधनी कलां के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इसी तरह थाना कोट ईसे खां पुलिस ने भी नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हेरोइन और नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया। सहायक थानेदार रमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान गांव दौलेवाला के बस अड्डे के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशीले पदार्थ लेकर जा रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव मनावां निवासी हैप्पी सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह को काबू कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन और 30 नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच का उद्देश्य नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत तथा इनके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाना है। पुलिस ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।