अजनाला के सरकारी स्कूल में NDRF टीम द्वारा स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम आयोजित

🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Ajnala 📅 September 10, 2026 🌐 GPS: amritsar

अजनाला/अमृतसर: 7वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), बठिंडा की टीम द्वारा GGSSS अजनाला में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम (SSP) आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार तथा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं सुरक्षा संबंधी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन टीम कमांडर सब-इंस्पेक्टर रेख सिंह मीना के नेतृत्व में किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान NDRF टीम द्वारा प्राथमिक उपचार के तहत ड्रेसिंग एवं बैंडेजिंग, रक्तस्राव रोकने, स्प्लिंटिंग, वयस्कों एवं बच्चों में CPR, FBAO की स्थिति में सहायता तथा घायलों को सुरक्षित ढंग से उठाने एवं एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की तकनीकों संबंधी जानकारी दी गई। टीम द्वारा कंबल, टी-शर्ट एवं बोरी जैसी उपलब्ध सामग्री से इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर तैयार करने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों एवं स्टाफ को खाली बोतलों, बर्तनों तथा तेल एवं दही के खाली डिब्बों जैसी घरेलू सामग्री की सहायता से इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस तैयार करने की विधि के बारे में भी जानकारी दी गई। आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली SDR तकनीक, अग्नि सुरक्षा उपायों तथा फायर एक्सटिंग्विशर के संचालन की PASS विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान P- Pull the Pin, A -Aim the Nozzle at the Base of Fire, S- Squeeze the Lever तथा S-Sweep Side to Side के बारे में विस्तार से बताया गया।

NDRF टीम द्वारा विद्यार्थियों को लू, शीतलहर, बिजली का करंट लगने, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली तथा सर्पदंश जैसी विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भूकंप संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई तथा विद्यार्थियों को Drop, Cover & Hold (DCH) तकनीक का अभ्यास करवाया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित निकास मार्ग, निर्धारित असेंबली एरिया तथा आपदा की स्थिति में जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को NDMA के Sachet, Meghdoot, Damini एवं Bhookamp ऐप्स के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। इसके साथ ही रासायनिक आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान उपयोगी Emergency Response Guide (ERG) के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।

स्कूल की प्राचार्या ने NDRF टीम द्वारा आयोजित इस जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को आपदा की स्थिति में सुरक्षित एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूल समुदाय में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी, सुरक्षित एवं त्वरित प्रतिक्रिया के लिए विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को तैयार करना रहा।

Scroll to Top