अमृतसर में सीमा पार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े 2 आरोपी गिरफ्तार, 5 किलो ICE और 3 विदेशी पिस्तौल बरामद
अमृतसर में सीमा पार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े 2 आरोपी गिरफ्तार, 5 किलो ICE और 3 विदेशी पिस्तौल बरामद
अमृतसर: पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (CI) अमृतसर ने सीमा पार से संचालित कथित नशा और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलोग्राम ICE (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) और तीन आधुनिक विदेशी पिस्तौल बरामद किए हैं। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने साझा की।
चोगावां और बंडाला के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहन सिंह निवासी गांव चोगावां, अमृतसर और सलीम निवासी गांव बंडाला, अमृतसर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों में दो 9 एमएम पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। इनके साथ मैगजीन भी बरामद की गई हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के साथ मिलकर संचालित किया जा रहा था। आरोपियों द्वारा सहयोगियों के माध्यम से नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप हासिल कर आगे सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में FIR नंबर 55, दिनांक 09-09-2026 थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धाराओं 22, 25 और 29 तथा Arms Act की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच जारी है।