आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, 14 सितंबर से जिलावार पुतला फूंक प्रदर्शन का ऐलान

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Moga 📅 September 10, 2026

लुधियाना: आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन पंजाब की राज्य कमेटी की अहम बैठक लुधियाना के रखबाग में प्रदेश अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह औलख की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 31 अगस्त को पटियाला में स्वास्थ्य मंत्री की कोठी के समक्ष किए गए रोष प्रदर्शन तथा 2 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के निदेशकों के साथ हुई बैठक को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

यूनियन नेताओं ने कहा कि 2 सितंबर की बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति नहीं बन सकी, जिसके चलते बैठक बेनतीजा रही। कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग के अधीन लेकर नियमित करने, बराबर काम के लिए बराबर वेतन देने तथा 2026 के प्रस्तावित बिल में सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को शामिल करने की मांग उठाई थी।

मांगों पर सकारात्मक निर्णय न होने से कर्मचारियों में भारी रोष है। राज्य कमेटी ने फैसला किया कि 14 सितंबर से पंजाब के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य मंत्री के पुतले फूंककर रोष प्रदर्शन किए जाएंगे। इनमें बठिंडा, नवांशहर, मानसा, पठानकोट, पटियाला, श्री अमृतसर साहिब, श्री मुक्तसर साहिब और होशियारपुर सहित अन्य जिले शामिल हैं। इसके बाद राज्य स्तर पर बैठक कर संघर्ष की अगली रणनीति तैयार की जाएगी।

यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि 31 अगस्त के प्रदर्शन में शामिल हुए आरोग्य मित्र कर्मचारियों को जिला अधिकारियों की ओर से चेतावनी पत्र जारी किए जा रहे हैं और नौकरी से हटाने की धमकियां दी जा रही हैं। यूनियन ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी कि यदि चेतावनी पत्र वापस नहीं लिए गए या किसी आउटसोर्स कर्मचारी के साथ दोबारा ऐसी कार्रवाई हुई तो पंजाब स्तर पर काम बंद कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Scroll to Top