मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 7 मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 7 accused arrested 📅 September 9, 2026

जिले में नशे की तस्करी और सप्लाई पर शिकंजा कसने के लिए मोगा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्

मोगा। जिले में नशे की तस्करी और सप्लाई पर शिकंजा कसने के लिए मोगा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 7 मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 95 ग्राम हेरोइन और 357 नशीली गोलियां बरामद करने का दावा किया है। संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बाघापुराना में 6 ग्राम हेरोइन बरामद

थाना बाघापुराना पुलिस ने फूल वाला क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गुरप्रीत सिंह उर्फ गब्बर पुत्र गुरतेज सिंह निवासी मानूंके को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

सिटी मोगा में 67 नशीली गोलियां

थाना सिटी मोगा पुलिस ने नेचर पार्क के नजदीक गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए अकाशदीप सिंह उर्फ कालू पुत्र सुखमंदर सिंह निवासी घल्ल कलां को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 67 खुली नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

निहाल सिंह वाला में 25 ग्राम हेरोइन

थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमनदीप सिंह उर्फ अमना पुत्र गुरमेल सिंह को 25 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में गुरमीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी पत्तो हीरा सिंह की भूमिका संबंधी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

फतेहगढ़ पंजतूर में 130 नशीली गोलियां

थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने दाना मंडी गांव खंभे के पास कार्रवाई करते हुए हरदित सिंह उर्फ दित्तू पुत्र मेजर सिंह निवासी पत्ती बाबा जीवन सिंह, फतेहगढ़ कोरोटाना को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 130 पीले रंग की नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस जांच में चरनप्रीत कौर उर्फ किरण निवासी फतेहगढ़ कोरोटाना को भी मामले में नामजद किया गया है।

धर्मकोट में 10 ग्राम हेरोइन बरामद

थाना धर्मकोट पुलिस ने 8 सितंबर की रात चौधरी वाला क्षेत्र में गश्त के दौरान जसकरन सिंह उर्फ जसा पुत्र बलविंदर सिंह निवासी बाबा पाला रोड, धर्मकोट को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने पहले धारा 21/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया और बाद में धारा 29/61/85 भी जोड़ी। मामले में सुनील सिंह उर्फ शीलू उर्फ गुरप्रीत सिंह पुत्र मलूक सिंह निवासी रेवड़ा को भी नामजद किया गया है।

सिटी साउथ में 54 ग्राम हेरोइन

थाना सिटी साउथ पुलिस ने महीमेवाला रोड स्थित खाली प्लॉट के पास कार्रवाई करते हुए गगनदीप सिंह उर्फ गग्गू पुत्र चरणजीत सिंह निवासी साधांवाली बस्ती, मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इंस्पेक्टर वरुण कुमार की अगुवाई में गश्त के दौरान मिली सूचना पर आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें 54 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसके खिलाफ धारा 21/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अजीतवाल में 160 नशीली गोलियां बरामद

थाना अजीतवाल पुलिस ने 8 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे नाला पुल अजीतवाल के पास गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हरमेल सिंह पुत्र बाबा नरेंद्र सिंह निवासी दशमेश नगर, मोगा, हाल आबाद नथूवाला जदीद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 160 सफेद रंग की नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने धारा 22/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

कुल बरामदगी 95 ग्राम हेरोइन और 357 गोलियां

मोगा पुलिस की इन सात कार्रवाइयों में कुल 95 ग्राम हेरोइन और 357 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ और गोलियां कहां से लाई गई थीं तथा इनके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे की तस्करी और सप्लाई के खिलाफ गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Scroll to Top