सुखबीर बादल ने धर्मकोट में भरा अकाली कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश

📍 स्थान / Location: धर्मकोट 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Dharamkot 📅 September 9, 2026 🌐 GPS: moga

मोगा: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला मोगा की सब डिवीजन धर्मकोट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय अकाली नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की तथा कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ मैदान में डटे रहने का आह्वान किया।

धर्मकोट पहुंचने पर अकाली दल के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुखबीर सिंह बादल का स्वागत किया। इस मौके पर स्थानीय अकाली नेता मक्खन बराड़, सन्नी गिल, तीरथ सिंह मल्लाह सहित पार्टी की अन्य स्थानीय लीडरशिप मौजूद रही। बैठक के दौरान पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया गया।

सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार से लोगों का मोहभंग हो चुका है और जनता अब बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोगों ने शिरोमणि अकाली दल के पक्ष में अपना मन बना लिया है और आने वाले विधानसभा चुनावों में अकाली दल को भारी समर्थन मिलेगा।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाएं तथा अकाली दल की नीतियों और पिछले कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों के बारे में जनता को जानकारी दें। सुखबीर बादल ने दावा किया कि प्रदेश में पार्टी को लगातार लोगों का समर्थन मिल रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल बड़ी जीत दर्ज करेगा।

धर्मकोट दौरे के दौरान अकाली कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने पार्टी प्रधान को भरोसा दिलाया कि चुनावों को लेकर संगठन पूरी तरह सक्रिय होकर जमीनी स्तर पर काम करेगा।

Scroll to Top