मंडीः एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर में GATE एवं JAM पर करियर गाइडेंस सत्र आयोजित

📍 स्थान / Location: Mandi 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Career Counseling 📅 September 8, 2026 🌐 GPS: Mandi

मंडी। एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर में मंगलवार को आईआईटी मंडी के सहयोग से M.Sc. एवं B.Sc. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए GATE एवं JAM परीक्षाओं पर विशेष इंटरैक्शन एवं करियर गाइडेंस सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और बेहतर करियर अवसरों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ केमिकल साइंसेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिषेक दीवान रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को GATE एवं JAM परीक्षाओं की तैयारी, परीक्षा पैटर्न, प्रवेश प्रक्रिया तथा इन परीक्षाओं के माध्यम से उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं करियर के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को योजनाबद्ध एवं निरंतर तैयारी करने के साथ-साथ अपने करियर लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर अवसरों का चयन करने के लिए प्रेरित किया।

कॉलेज की प्रधानाचार्या प्रो. (डॉ.) सुमन कुमारी कटोच ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया और विद्यार्थियों के लिए आईआईटी मंडी द्वारा आयोजित किए जा रहे ऐसे शैक्षणिक एवं करियर उन्मुख कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर समझ देने के साथ-साथ उनके भविष्य के लिए सही दिशा चुनने में भी सहायक होते हैं।

इस अवसर पर रसायन विज्ञान विभाग की टीचर-इन-चार्ज डॉ. वंदना सेठी, करियर एवं काउंसलिंग सेल के डॉ. कुलदीप सहित डॉ. नेहा सेन, डॉ. रजनी, डॉ. मोनिका गुलेरिया, डॉ. किरण चौहान, डॉ. धर्मेंद्र राणा, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. सोनिका शर्मा एवं मंजुला उपस्थित रहे।

Scroll to Top