पंडोह-टकोली फोरलेन पर हनोगी टनल तैयार, 4 दिन में होगा ट्रायल

📍 स्थान / Location: शिमला 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Four Lane Highway 📅 September 7, 2026 🌐 GPS: शिमला

शिमला। NHAI के मेंबर (प्रोजेक्ट्स) विपनेश शर्मा ने कीरतपुर-मनाली कॉरिडोर के तहत निर्माणाधीन पंडोह-टकोली प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हनोगी टनल का जायजा लिया। पंडोह बायपास इस कॉरिडोर के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों में से एक है। आने वाले दिनों में सुरक्षा मानकों की जांच और ट्रायल के बाद हनोगी टनल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। टनल के शुरू होने से पंडोह क्षेत्र में लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही यात्रियों के समय और यात्रा दूरी में भी कमी आएगी।

पंडोह-टकोली प्रोजेक्ट के तहत कुल 5 ट्विन ट्यूब टनल का निर्माण किया जा रहा है। इनमें दयोड़ से हनोगी तक बनाई गई दो टनल प्रोजेक्ट का प्रवेश द्वार हैं। फिलहाल दोनों ट्विन ट्यूब टनल की एक-एक ट्यूब को यातायात के लिए खोला जाएगा। इनमें एक टनल की लंबाई 2.8 किलोमीटर, जबकि दूसरी की लंबाई 650 मीटर है। खोतीनाला के पास दोनों टनलों को आपस में जोड़ने के लिए 45 मीटर ऊंचा और 140 मीटर लंबा पुल भी बनाया गया है।

निरीक्षण के बाद विपनेश शर्मा ने बताया कि सामरिक दृष्टि से यह प्रोजेक्ट बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि टनल का निरीक्षण करने के बाद कुछ आवश्यक सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अगले चार दिनों में इन सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद यातायात का ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद टनल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि NHAI की टीम ने दिन-रात मेहनत कर टनल का काम पूरा किया है। उन्होंने इस बेहतरीन कार्य के लिए NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगोती, PIU मंडी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी, NHAI की पूरी टीम के साथ शापूरजी पालोनजी, एफकॉन्स, गावर कंस्ट्रक्शन और भारत कंस्ट्रक्शन की सराहना की।

Scroll to Top