Moga Crime: मोगा में पिस्तौल, मैगजीन और 6 जिंदा कारतूस समेत आरोपी गिरफ्तार
मोगा: थाना सिटी मोगा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक व्यक्ति को पिस्तौल, मैगजीन और 6 जिंदा कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आई-20 कार भी बरामद की है। आरोपी की पहचान जसविंदर सिंह उर्फ नन्नू पुत्र प्रीतम सिंह निवासी जीरा रोड, मोगा के रूप में हुई है।
थाना सिटी मोगा के पुलिस अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम 4 सितंबर को इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पिस्तौल सहित मैगजीन, छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी के पास से एक सफेद रंग की आई-20 कार नंबर PB-03-BC-0513 भी बरामद की गई। पुलिस ने हथियार और कार को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद हथियार संबंधी दस्तावेज आरोपी द्वारा मौके पर पेश नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अवैध पिस्तौल कहां से आया और वह इसे किस उद्देश्य से अपने पास रखे हुअधिकारी
पुलिस अधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखने या उनकी तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।