वीडियो सामने आते ही पुलिस ने लिया संज्ञान, ट्रैफिक कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू

📍 स्थान / Location: जालंधर कैंट 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 September 4, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधर कैंट के पास ट्रक चालक को थप्पड़ मारना ट्रैफिक कर्मचारी को पड़ा भारी, लाइन हाजिर

जालंधर कैंट क्षेत्र के नजदीक नाकाबंदी के दौरान ट्रक चालक को थप्पड़ मारने के मामले में ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
ACP ट्रैफिक जालंधर अजय सिंह PPS ने बताया कि कैंट क्षेत्र के पास ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों द्वारा नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक ट्रक को चेकिंग के लिए रोका गया। जांच के दौरान ट्रक चालक मोबाइल फोन के माध्यम से अपना ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैफिक कर्मचारियों को दिखा रहा था।
इसी दौरान मोबाइल फोन को लेकर ट्रक चालक और ट्रैफिक कर्मचारी के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ट्रैफिक कर्मचारी ने तैश में आकर ट्रक चालक को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की।
ACP ट्रैफिक ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मचारी द्वारा आम जनता के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों को लोगों के साथ मर्यादा, संयम और कानून के अनुसार व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता और आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित कर्मचारी को लाइन हाजिर करने के साथ उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Scroll to Top