‘साफ मोगा-स्वस्थ मोगा’ की ओर कदम, ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत शहर के बड़े डंपों की करवाई सफाई

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Bhagwant Mann 📅 September 2, 2026

मोगा: पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत मोगा शहर को साफ-सुथरा, सुंदर एवं कूड़ा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न बड़े डंपों की सफाई करवाकर लंबे समय से जमा कूड़े के ढेरों को हटाया गया।

इस मौके पर नगर निगम की मेयर वियनपाल कौर, आप पार्टी के शहरी जिलाध्यक्ष प्रेम चंद चक्की वाला के अलावा पार्षद, वालंटियर व वर्कर मौजूद थे। इस अवसर पर मोगा विधानसभा हलके की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्वच्छ एवं स्वस्थ पंजाब बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत मोगा हलके में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि शहर के बड़े डंपों और कूड़े के ढेरों को हटाकर स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि लोग कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें और अपने आसपास सफाई बनाए रखें तो मोगा को वास्तव में स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाया जा सकता है।

विधायक ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे सफाई अभियान में प्रशासन और नगर निगम का सहयोग करें, खुले में कूड़ा न फेंकें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही ‘साफ मोगा—स्वस्थ मोगा’ का सपना साकार किया जा सकता है।

विधायक ने कहा कि मोगा शहर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए आने वाले समय में भी सफाई अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं और ‘साफ-सुथरा मोगा, सुंदर मोगा’ के संकल्प को मजबूत करें।

Scroll to Top