Moga: कनाडा से लौटे नवदीप सिंह संघा का शक्ति प्रदर्शन, 2027 विधानसभा चुनाव में उतरने का किया ऐलान

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 2027 assembly elections 📅 September 2, 2026

पहले कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता नवदीप सिंह संघा हाल ही में कनाडा से पंजाब लौटने के बाद एक बार

मोगा: पहले कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता नवदीप सिंह संघा हाल ही में कनाडा से पंजाब लौटने के बाद एक बार फिर सक्रिय राजनीति में उतरने की तैयारी में जुट गए हैं। इसी कड़ी में उन्होंने मोगा के होटल में अपने साथ जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा एकत्रीकरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों ने पहुंचकर नवदीप सिंह संघा का समर्थन किया।

एकत्रीकरण को संबोधित करते हुए नवदीप सिंह संघा ने कहा कि कोई भी राजनीतिक पार्टी अपने आप में खराब नहीं होती, बल्कि कई बार पार्टी से जुड़े कुछ जिम्मेदार नेताओं के गलत फैसलों और कार्यशैली के कारण पार्टी की छवि प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को अब अपनी पिछली राजनीतिक गलतियों पर विचार करने की जरूरत है और यह तय करना होगा कि वे किस तरह के नेताओं को आगे लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो केवल मुफ्त की घोषणाओं और रेवड़ियां बांटने की राजनीति करने के बजाय लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए काम करें।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल चाहे कोई भी हो, जब तक आम लोगों के अधिकारों और हितों को ध्यान में रखकर नीतियां नहीं बनाई जाएंगी, तब तक पंजाब पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता रहेगा।

नवदीप सिंह संघा ने कहा कि उनके साथ जुड़े हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें दोबारा सक्रिय राजनीति में आने की अपील की थी। इसी कारण उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपने साथियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करेंगे।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक बैठकें कर लोगों की समस्याएं जानी जाएंगी और उन्हें समझने के बाद जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पंजाब, विशेषकर मोगा के लोगों से अपील की कि वे साफ-सुथरी छवि और ईमानदार सोच रखने वाले नेताओं को आगे लाएं, ताकि पंजाब को फिर से तरक्की की राह पर ले जाया जा सके।

इस अवसर पर नवदीप सिंह संघा ने अपने साथ जुड़ने वाले नए साथियों को सिरोपे देकर सम्मानित किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि वह पहले की तरह लोगों की सेवा करते रहेंगे और पंजाब की तरक्की के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।

Scroll to Top