15 सितंबर को हरडगलू मेला मैदान में होगी वाहनों की पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट
पधर। जिला मंडी के उपमंडल पधर में सितंबर माह के लिए वाहनों की पासिंग एवं ड्राइविंग टेस्ट की तिथि निर्धारित कर दी गई है। पधर में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट 15 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि को वाहनों की पासिंग एवं ड्राइविंग टेस्ट हरडगलू मेला मैदान में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि वाहन पासिंग एवं ड्राइविंग टेस्ट से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर लें। इस दौरान फीस एवं टैक्स की केवल ऑनलाइन रसीद ही मान्य होगी।
एसडीएम ने बताया कि सभी आवेदक निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रातः 11:00 बजे निर्धारित स्थान पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग टेस्ट के लिए स्लॉट बुकिंग 10 सितंबर, 2026 से शुरू होगी। बिना स्लॉट बुकिंग के किसी भी आवेदक का ड्राइविंग टेस्ट नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि ड्राइविंग टेस्ट के लिए अपना स्लॉट समय पर बुक करवाएं और निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रक्रिया को सुचारू बनाने में सहयोग करें।