Moga Crime: पुरानी रंजिश में व्यक्ति और उसके दोस्त पर बेसबाल से हमला, दोनों घायल
मोगा: जिले के बुक्कन वाला रोड स्थित गुरुसर बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति और उसके दोस्त पर हथियारों से लैस होकर पहुंचे हमलावरों ने हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। इस मामले में थाना सिटी साउथ की पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सहायक थानेदार रशपाल सिंह ने बताया कि संदीप सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी बुक्कन वाला रोड, गुरुसर बस्ती, मोगा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपने घर के बाहर गली में अपने दोस्त मनदीप सिंह के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते अर्शदीप सिंह उर्फ चिट्टा पुत्र निर्मल सिंह, राजदीप कौर उर्फ दीपा पत्नी नवदीप सिंह निवासी बुक्कन वाला रोड, गुरुसर बस्ती, मोगा, कुलविंदर सिंह पुत्र बचित्र सिंह निवासी जीरा, फिरोजपुर तथा गोबिंद सिंह उर्फ पन्ना पुत्र राजा वहां पहुंच गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त सभी लोग हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने आते ही उस पर हमला कर दिया और बेसबाल से वार कर उसे घायल कर दिया। जब उसका दोस्त मनदीप सिंह उसे बचाने के लिए आगे आया तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। संदीप सिंह ने बताया कि हमले के दौरान उसने और उसके दोस्त ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उसकी पत्नी परमजीत कौर तथा आसपास के लोग मौके पर एकत्रित होने लगे। लोगों को आते देखकर चारों आरोपी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जांच अधिकारी सहायक थानेदार रशपाल सिंह ने बताया कि संदीप सिंह की शिकायत के आधार पर अर्शदीप सिंह उर्फ चिट्टा, राजदीप कौर उर्फ दीपा, कुलविंदर सिंह तथा गोबिंद सिंह उर्फ पन्ना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनकी तलाश की जा रही है।