एचपी स्टेट ओपन टग ऑफ वॉर चैंपियनशिप का भव्य समापन, 400 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
शिमला। एसपीएम ग्राउंड संजौली, शिमला में आयोजित एच.पी. स्टेट ओपन टग ऑफ वॉर आउटडोर चैंपियनशिप का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से 400 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दो दिनों तक चले इस रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में टग ऑफ वॉर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष श्री सुनील वर्मा जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि टग ऑफ वॉर केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि एकता, अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और आपसी सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस खेल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव श्री रमेश चौहान जी की भूमिका भी विशेष रूप से सराहनीय रही। प्रतियोगिता के सफल आयोजन, खिलाड़ियों के समन्वय, व्यवस्थाओं और प्रतियोगिता को व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व और निरंतर प्रयासों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में मडावग, अंडर-15 बॉयज वर्ग में शिमला, जबकि अंडर-19 गर्ल्स एवं बॉयज दोनों वर्गों में पुंदर अकादमी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं सीनियर पुरुष वर्ग में देहा तथा सीनियर महिला वर्ग में शिमला क्वींस विजेता रहीं।
प्रतियोगिता की ओवरऑल विनर की प्रथम ट्रॉफी पुंदर अकादमी ने अपने नाम की, जिसके शानदार प्रदर्शन के लिए टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समापन समारोह में विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि हिमाचल प्रदेश में टग ऑफ वॉर खेल के प्रति युवाओं में लगातार रुचि बढ़ रही है।
टग ऑफ वॉर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों, कोचों, वॉलंटियर्स एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में इस खेल को प्रदेश के हर जिले तक पहुंचाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने का संकल्प लिया।