मोगा में 40 किलो चूरा पोस्त सहित दो आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मोगा में 40 किलो चूरा पोस्त सहित दो आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पंजाब डेस्क: मोगा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एक्सयूवी गाड़ी से 40 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने गाड़ी में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी
सहायक थानेदार हरविंदर सिंह के अनुसार पुलिस पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक गाड़ी में सवार दो व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर इलाके में आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दाना मंडी निहाल सिंह वाला में विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
एक्सयूवी की तलाशी में मिला 40 किलो चूरा पोस्त
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने सामने से आ रही एक एक्सयूवी गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से 40 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया और नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया।
संगरूर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू सिंह पुत्र जीत सिंह और सतपाल सिंह पुत्र मुख्तयार सिंह, दोनों निवासी बडरुखा, जिला संगरूर के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना निहाल सिंह वाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशे की सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी 40 किलो चूरा पोस्त कहां से लेकर आए थे और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। पूछताछ के दौरान नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।