Kullu: स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना को मंजूरी, 61 नए बच्चों को मिलेगा लाभ

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Children 📅 August 30, 2026 🌐 GPS: Kullu

कुल्लू: जिला में बच्चों के संरक्षण एवं कल्याण के लिए गठित स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अनुमोदन समिति की बैठक एडीएम सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में निराश्रित, अर्ध-निराश्रित, बाल शोषण से प्रभावित तथा बाल श्रम से मुक्त कराए गए 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान समिति के समक्ष विभिन्न विकास खंडों से प्राप्त 61 नए मामलों को मंजूरी प्रदान की गई। इनमें आनी से 22, निरमंड से 19, कुल्लू से 10, कटराईं से 9 तथा बंजार से 1 मामला शामिल था।

इसके अतिरिक्त, बैठक में पहले से चल रहे 1097 मामलों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई, ताकि पात्र बच्चों को मिल रही वित्तीय सहायता निरंतर जारी रह सके। बैठक में बताया गया कि स्पॉन्सरशिप योजना के तहत ऐसे बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जो किसी संकट की स्थिति के कारण अपने जैविक माता-पिता, एकल माता-पिता अथवा विस्तारित परिवार जैसे नाना-नानी या दादा-दादी के साथ रह रहे हैं। पात्र बच्चों को 4,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता 18 वर्ष की आयु तक प्रदान की जाती है। यह सहायता आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर परिवारों, गंभीर बीमारी से पीड़ित माता-पिता वाले बच्चों तथा अकेली माता के साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायक है। राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।

फोस्टर केयर योजना के तहत उन बच्चों को सहायता प्रदान की जाती है जो अपने जैविक परिवार से दूर हैं और जिन्हें बाल कल्याण समिति द्वारा किसी योग्य गैर-रिश्तेदार परिवार की देखरेख में सौंपा गया है। ऐसे बच्चों के पालन-पोषण के लिए फोस्टर माता-पिता को 4,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती है। यह सहायता बच्चे के 18 वर्ष की आयु पूरी करने अथवा उसके जैविक परिवार के उसे वापस लेने की स्थिति में सक्षम होने तक प्रदान की जाती है।

एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संपूर्ण विकास से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए पूरक सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद बच्चा इन योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में बाल संरक्षण संस्थान के भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों के संरक्षण एवं कल्याण से जुड़ी सुविधाओं को शीघ्र सुदृढ़ किया जा सके।

Scroll to Top