चौड़ा मैदान पहुंचे जयराम ठाकुर, टैक्सी ऑपरेटरों के आमरण अनशन का किया समर्थन
शिमला: विधानसभा सत्र के बाद वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर चौड़ा मैदान पहुंचे और आमरण अनशन पर बैठे टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उनके साथ विधायक बलवीर वर्मा, डॉ. हंसराज और लोकेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
जयराम ठाकुर ने टैक्सी ऑपरेटरों को जबरन और बलपूर्वक हटाए जाने की घटना पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने मौके पर मौजूद वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की और प्रदर्शनकारियों को जबरन हटाए जाने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को प्रदर्शनकारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से करना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कोई नई बात नहीं है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने टैक्सी ऑपरेटरों के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए कहा कि विपक्ष उनके साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि टैक्सी ऑपरेटरों को न्याय दिलाने के लिए विपक्ष हर संभव प्रयास करेगा। इससे पहले टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा स्थित नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में भी जयराम ठाकुर से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत करवाया था। जयराम ठाकुर ने इन मांगों को गंभीरता से सुनते हुए विधानसभा के सदन में उन्हें प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया था।