सफाई यूनियन ने CM नायब सिंह सैनी का पुतला फूंका, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
हिसार में सफाई कर्मियों पर कार्रवाई के विरोध में जालंधर में प्रदर्शन
जालंधर में हरियाणा के हिसार में सफाई अभियान को लेकर सफाई कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई के विरोध में सफाई यूनियन ने प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन सदस्यों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने हिसार में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज और कई महिला-पुरुष कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की।
यूनियन प्रधान गौरव गिल ने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सफाई कर्मचारियों और दलित समाज की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान सफाई कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवाएं दी थीं। उस समय सरकार की ओर से उन्हें सफाई सैनिक और सफाई योद्धा का दर्जा देने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक इसे अमलीजामा नहीं पहनाया गया।
प्रधान सन्नी ने कहा कि वाल्मीकि समाज अपने हकों के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के साथ जोधपुर में भी सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने हिसार में कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए कहा कि यदि अपने हक की लड़ाई के लिए हरियाणा जाना पड़ा तो यूनियन इसके लिए भी तैयार है।