जालंधर में मछली मार्केट के पीछे खाली प्लॉट में मिला जला हुआ शव, जांच में जुटी पुलिस
जालंधर में मछली मार्केट के पीछे खाली प्लॉट में मिला जला हुआ शव, जांच में जुटी पुलिस
जालंधर: अमृतसर नेशनल हाईवे पर इंडस्ट्रियल एस्टेट के नजदीक उस समय सनसनी फैल गई, जब मछली मार्केट के पीछे एक खाली प्लॉट से एक व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि शव पर कोई कपड़ा नहीं था और शरीर पूरी तरह झुलसा हुआ था।
शव के पास मिली पेट्रोल की बोतल
स्थानीय लोगों की नजर जब जले हुए शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को शव के पास एक पेट्रोल की बोतल भी मिली है। इस बरामदगी के बाद मामला और संदिग्ध हो गया है।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि व्यक्ति की मौत हत्या के बाद शव जलाए जाने से हुई या उसने खुद को आग लगाकर आत्महत्या की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थाना डिवीजन नंबर 8 के प्रभारी साहिल चौधरी के अनुसार, पुलिस को सुबह करीब 9 बजे मछली मार्केट के पीछे खाली प्लॉट में जला हुआ शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर शव के पास पेट्रोल की बोतल भी बरामद हुई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।