Moga: कैंप मार्केट में कपड़ों के शोरूम में भयानक आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू।
मोगाः शहर की रौनक भरी कैंप मार्केट में देर रात एक कपड़ों के शोरूम में अचानक भयानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
फायर विभाग के अधिकारी अरविंदर सिंह ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि फॉल्स सीलिंग में डाली गई बिजली की तारों पर अधिक लोड पड़ने से तार गर्म होकर पिघल सकती हैं, जिससे आग तेजी से फैलने का खतरा रहता है।
उन्होंने कहा कि कैंप मार्केट कपड़ों की घनी और कंजेस्टेड मार्केट है, जहां बड़ी संख्या में कपड़ों के शोरूम और दुकानें हैं। ऐसे में एक दुकान में लगी आग के आसपास की दुकानों तक फैलने की आशंका काफी अधिक रहती है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की और आग फैलने की संभावित जगहों पर पानी का दबाव डालकर क्षेत्र को ठंडा किया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
फायर अधिकारी अरविंदर सिंह ने दुकानदारों से अपील की कि कपड़ों के शोरूम और बड़ी दुकानों में फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। प्रत्येक दुकान में कम से कम एक फायर एक्सटिंग्विशर जरूर रखा जाए, ताकि आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर ही उसे नियंत्रित किया जा सके और बड़े हादसे से बचा जा सके।