श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित प्रचार वैन ने गांवों में दिखाई डॉक्यूमेंट्री
बठिंडा(मनोज चरखीवाल: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित शुरू की गई राज्य स्तरीय जागरूकता मुहिम के तहत प्रचार वैन ने मौड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव पिथो, बदियाला और पीरकोट का दौरा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने कार्यक्रम में भाग लेकर गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री देखी।
प्रचार वैन के माध्यम से करीब 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रस्तुत की गई। इसमें श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी बाणी और मानवता के प्रति उनके विचारों को प्रमुखता से दर्शाया गया। फिल्म में सामाजिक समानता, भाईचारे, आपसी सद्भाव तथा जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त करने का संदेश भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
डॉक्यूमेंट्री के जरिए लोगों को गुरु रविदास जी के जीवन संघर्ष, आध्यात्मिक विचारों और समाज सुधार से जुड़े योगदान के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पूरे ध्यान और श्रद्धा के साथ फिल्म का अवलोकन किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, प्रेम और मानवता की राह दिखाती हैं। उन्होंने गुरु साहिब द्वारा दिए गए भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश को जीवन में अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
राज्य सरकार की यह जागरूकता पहल गुरु रविदास जी के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को उनके जीवन एवं शिक्षाओं से परिचित करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।