राइस ब्रान डीलर्स एसोसिएशन ने झंडा पूजन कर मां भगवती की भेंटों का किया गुणगान
राइस ब्रान डीलर्स एसोसिएशन ने झंडा पूजन कर मां भगवती की भेंटों का किया गुणगान
मोगा: धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय राइस ब्रान डीलर्स एसोसिएशन रजि. 127 की ओर से रविवार रात ग्रीन फील्ड कॉलोनी में झंडा पूजन और माता की चौकी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एसोसिएशन के सदस्य अमित मित्तल के निवास स्थान पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में एसोसिएशन के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
नवग्रह पूजन के बाद किया झंडा पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित आचार्य नंद लाल शर्मा के नेतृत्व में हुई। अमित मित्तल ने परिवार सहित नवग्रह पूजन किया और इसके बाद ज्वाला जी धाम से लाई गई पावन ज्योति के समक्ष विधिवत झंडा पूजन किया। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की।
भजनों से देर रात तक भक्तिमय रहा माहौल
भजन गायक प्रेम नंगीना और आकाश वर्मा ने मां भगवती की भेंटों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। ‘रंग बरसे दरबार मैय्या जी तेरे रंग बरसे’ भेंट के साथ माता की चौकी का शुभारंभ हुआ। इसके बाद ‘चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है’, ‘प्रेम से बोलो जय माता दी’ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी गई।
भक्तों ने देर रात तक माता के जयकारे लगाए और भजनों पर श्रद्धा के साथ झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा।
29 अगस्त को होगा विशाल भगवती जागरण
एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश गोयल और कृष्ण तायल ने बताया कि आगामी 29 अगस्त को पुरानी दाना मंडी में विशाल भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें भजन सम्राट मनी लाडला और प्रसिद्ध भजन गायिका अंजलि दिवेदी मां भगवती की भेंटों का गुणगान करेंगे।
उन्होंने बताया कि जागरण को लेकर पूरे मंडी परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां ज्वाला जी धाम से पावन ज्योति भी लाई गई है।
परिवार सहित जागरण में पहुंचने की अपील
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 29 अगस्त को परिवार सहित पुरानी दाना मंडी पहुंचें और मां भगवती के भजनों का आनंद लेने के साथ उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।
कार्यक्रम में सचिव रमन बब्बर, खजांची दिनेश जिंदल, रमन मक्कड़, वेद गर्ग, महेश गोयल, प्रेम जिंदल, पुनीत जिंदल, परवीन गोयल, मंगत राय बांसल, गगनदीप मित्तल, आनंद जैन, अमित मित्तल, जतिन गोयल, शैंकी तायल, रोहित जिंदल, विजयंत गुप्ता, सुमेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।